कोरोना अलर्ट: देश में 1000 से ज्यादा एक्टिव केस, दिल्ली और केरल में बढ़ते मामले

देश में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण के मामलों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में भारत में कोविड-19 के कुल 750 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से सबसे अधिक संक्रमण केरल में 400 और दिल्ली 100 से अधिक केस रिपोर्ट किए गए हैं। देशभर में 1000 से अधिक एक्टिव केस हो गए हैं।

देश के अधिकांश हिस्सों में कोरोना केसों की रफ्तार से लोगों में हड़कंप जरूर है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय ने जनता से घबराने की बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल संक्रमण की दर कम है और अस्पताल में भर्ती होने की आवश्यकता बहुत सीमित है। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राज्यों की क्या स्थिति

केरल में बीते 24 घंटों में 335 नए केस सामने आए हैं, जिससे वहां सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 430 हो गई है। महाराष्ट्र में 153 नए संक्रमण मिले हैं और वहां अब 209 सक्रिय केस हैं। वहीं दिल्ली में 99 नए मरीजों के साथ कुल एक्टिव केस 104 हो गए हैं। इनके अलावा गुजरात में 83, कर्नाटक में 47, उत्तर प्रदेश में 15 और पश्चिम बंगाल में 12 सक्रिय केस दर्ज किए गए हैं।

दो नए कोविड वेरिएंट की पहचान

इन मामलों में इज़ाफे के बीच सरकार की निगरानी एजेंसी INSACOG (इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम) ने दो नए कोविड वेरिएंट की पहचान की है – NB.1.8.1 और LF.7। ये दोनों वेरिएंट अभी WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) की नजर में “वेरिएंट्स अंडर मॉनिटरिंग” श्रेणी में आते हैं, यानी इन्हें अभी न तो खतरनाक वैरिएंट माना गया है और न ही चिंता का विषय।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने शनिवार को कोविड की स्थिति की समीक्षा भी की। मंत्रालय ने बताया कि ज्यादातर मामले हल्के हैं और मरीज होम आइसोलेशन में ही ठीक हो रहे हैं। प्रमुख रूप से केरल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक से मामले सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *