पार्षद सरिता फोगाट ने भाजपा छोड़ फिर की AAP में वापसी, मनीष सिसोदिया का दावा

आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता मनीष सिसोदिया ने दावा किया है कि मालवीय नगर वार्ड नंबर 150, ग्रीन पार्क से पार्षद सरिता फोगाट ने भाजपा छोड़कर वापस आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। सिसोदिया ने कहा कि सरिता फोगाट पार्टी की स्थापना के समय से AAP की कर्मठ कार्यकर्ता रही हैं। उन्होंने एकबार फिर अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाने के संकल्प के साथ काम करना शुरू कर दिया है।

बता दें कि पिछले महीने 25 सितंबर को आप के तीन पार्षद भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा प्रदेश कार्यालय पर BJP प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में पार्षदों ने मिस कॉल देकर भाजपा की सदस्यता ली थी। इन पार्षदों में AAP की पार्षद प्रीति (वार्ड दिलशाद कॉलोनी), सरिता फोगाट (वार्ड ग्रीन पार्क) और प्रवीण कुमार (वार्ड मदनपुर खादर ईस्ट) शामिल थे।

इन पार्षदों का कहना था कि आम आदमी पार्टी का मेयर होने के बाद भी उनके क्षेत्र में आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में काम नहीं हो रहा है। समस्याओं के बारे में कई बार पत्र लिखे गए थे लेकिन इस दिशा में काम नहीं हुआ। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार से दिल्ली की जनता परेशान है। इससे आम नेता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *