दिल्ली AIIMS के ICU में भर्ती हैं CPM महासचिव सीताराम येचुरी, हॉस्पिटल से आया हेल्थ अपडेट

माकपा महासचिव सीताराम येचुरी दिल्ली AIIMS के आईसीयू में भर्ती हैं. उनकी हालत ‘गंभीर लेकिन स्थिर’ बताई जा रही है. सूत्रों ने बताया कि उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत है और डॉक्टरों की एक पूरी टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है. माकपा ने मंगलवार को एक बयान में कहा था कि 72 वर्षीय नेता का AIIMS के ICU में इलाज किया जा रहा है. वह एक्यूट रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन से पीड़ित हैं. उन्हें 19 अगस्त को एम्स के आईसीयू में भर्ती कराया गया था.

एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में उनकी पार्टी ने कहा, ‘भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव कॉमरेड सीताराम येचुरी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली की ICU में हैं, जहां उनका एक्यूट रेस्पिरेटरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन का इलाज किया जा रहा है.’

इस बीच नेताओं और जनता की ओर से उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए शुभकामनाएं भेजी जा रही हैं. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने येचुरी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. येचुरी ने 22 अगस्त को प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 6 मिनट का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर बात की थी.


सीताराम येचुरी का जन्म 12 अगस्त 1952 को मद्रास (चेन्नई) में एक तेलुगु भाषी ब्राह्मण परिवार में हुआ था. उनके पिता सर्वेश्वर सोमयाजुला येचुरी आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में इंजीनियर थे. उनकी मां कल्पकम येचुरी एक सरकारी अधिकारी थीं. 

येचुरी ने प्रेसिडेंट्स एस्टेट स्कूल, नई दिल्ली में दाखिला लिया और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड उच्चतर माध्यमिक परीक्षा में अखिल भारतीय प्रथम रैंक हासिल किया. इसके बाद वो सेंट स्टीफन कॉलेज, दिल्ली से अर्थशास्त्र में बीए (ऑनर्स) की पढ़ाई की और फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से म.ए अर्थशास्त्र किया. इमरजेंसी के समय जे.एन.यू में छात्र रहते उन्हें गिरफ्तार किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *