T20 World Cup के वार्म-अप मैच में दरवेश रसूली का धमाका, अफगानिस्तान ने स्कॉटलैंड को 61 रनों से रौंदा

टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इस वर्ल्ड से पहले सभी टीमों को कुछ वार्म-अप मुकाबला खेलना है। वार्म-अप मुकाबले की शुरुआत आज 2 फरवरी से हो गई है। वार्म-अप का पहला मुकाबला अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड के बीच खेला गया। जिसमें अफगानिस्तान ने 61 रनों से जीत दर्ज की।

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 पर खेले गए मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले वार्म-अप मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 184 रन बनाए। इस टीम ने 20 के स्कोर तक गुलबदीन नायब (3) और सेदिकुल्लाह अटल (6) का विकेट गंवा दिया था।

दरवेश रसूली की तूफानी पारी

यहां से दरवेश रसूली ने इब्राहिम जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 54 गेंदों में 82 रन जुटाते हुए टीम को 100 के पार पहुंचा दिया। इब्राहिम 32 गेंदों में 36 रन जुटाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 2 चौके शामिल रहे। इसके बाद रसूली ने मोर्चा संभाला। वह 46 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 84 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए, जबकि मोहम्मद नबी ने 16 गेंदों में 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। स्कॉटलैंड की तरफ से ब्रैड व्हील और मार्क वाट ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि ब्रैड करी ने 1 विकेट निकाला।

123 रनों पर सिमटी स्कॉटलैंड की टीम

इसके जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 19.3 ओवरों में महज 123 रन पर सिमट गई। स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुंशे ने माइकल जोन्स के साथ 4.3 ओवरों में 24 रन की साझेदारी की। मुंशे ने टीम के खाते में 13 रन का योगदान दिया, जिसके बाद माइकल जोन्स ने ब्रैंडन मैकलम के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन जुटाए, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखर गई।

मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरे मैथ्यू क्रॉस ने 21 रन बनाए, जबकि मार्क वाट ने 15 रन का योगदान दिया, लेकिन टीम को इस शर्मनाक हार से बचा नहीं सके। वहीं, विपक्षी टीम की गेंदबाजी ने दमदार प्रदर्शन किया। अजमतुल्लाह उमरजई ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद नबी ने 2-2 विकेट हासिल किए। इसके अलावा, मुजीब उर रहमान, राशिद खान और गुलबदीन ने 1-1 विकेट निकालकर अफगानिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *