दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल की चाकू मारकर हत्या, गोविंदपुरी थाने में तैनात थे किरनपाल

राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक कॉन्स्टेबल का नाम किरण पाल बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गोविंदपुरी की गली नंबर 13 में कॉन्स्टेबल किरनपाल की लाश पड़ी मिली थी। उनकी चाकू से गोदकर हत्या की गई थी। हत्या के वक्त किरनपाल अपनी वर्दी में थे और उनकी सरकारी बाइक पास में ही पड़ी मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कॉन्स्टेबल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही हत्यारों की पहचान करने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद कुछ डीवीआर को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस कॉन्स्टेबल की हत्या के बाद से गोविंदपुरी स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और देर रात तक लगने वाली अवैध रेहड़ियों के खिलाफ रोष है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां देर रात तक अंडे, मोमोज, चाय, सिगरेट और अन्य रेहड़ियों को लगाकर रखा जाता है। रात के समय सारे स्थानीय अपराधी यहां एकत्रित होते हैं। बेखौफ बदमाश यहां देर रात तक रेहड़ियों पर जुटते हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा सबसे पहले इन रेहड़ी वालों को यहां से हटाया जाना चाहिए। इन बदमाशों को किसी का खौफ नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *