मुंबई: मालाड पश्चिम विधानसभा में फर्जी PAN कार्ड होल्डर्स! डिप्टी CM ने दिए जांच के आदेश

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फर्जी पैन कार्ड्स की जांच के आदेश दिए हैं. मुंबई बीजेपी चीफ आचार्य पवन त्रिपाठी की शिकायत पर डिप्टी सीएम ने मुंबई पुलिस आयुक्त को इससे संबंधित जांच शुरू करने का आदेश दिया है. मुंबई के उपनगर मालाड पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के मालवणी कैंपस में फर्जी पैन कार्ड का सबूत बीजेपी नेता आचार्य पवन त्रिपाठी ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा है. उनका कहना है कि कई मुस्लिम बहुल इलाकों में जनसंख्या से ज्यादा पैन कार्ड होने की खबर मिली है. 

मुंबई बीजेपी के उपाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने उपमुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस को सबूत के साथ इसकी शिकायत की है. उन्होंने दावा किया है कि मुस्लिम बहुल इलाकों में सुनियोजित ढंग से हजारों लोगों ने अपने फर्जी पैन कार्ड बनवा रखे हैं. यह डेटा आयकर विभाग के विवरण में देखने को मिला है. 

आचार्य त्रिपाठी का कहना है कि यह तभी मुमकिन है, जब एक व्यक्ति एक से ज्यादा पैन कार्ड रखता है. फर्जी पैन कार्ड का दुरुपयोग करते हुए अवैध लेन-देन और काला धन को वैध करने के लिए होने की आशंका है. उन्होंने डिप्टी सीएम को एक ही व्यक्ति के कई पैन कार्ड होने के सबूत भी दिए. यह व्यक्ति मालाड विधानसभा क्षेत्र के मालवणी परिसर का रहने वाला है. त्रिपाठी ने इस फर्जीवाड़े की गहन जांच करने की गुजारिश करते हुए इस गिरोह का भंडाफोड़ करने की मांग की है.

आचार्य पवन त्रिपाठी ने बड़े पैमाने पर फर्जी पैन कार्ड की तरह ही फर्जी आधार कार्ड, वोटर कार्ड, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने जाने की आशंका जताई है.  

मामले की जानकारी मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में मुंबई के पुलिस आयुक्त को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और इसके साथ ही केंद्रीय जांच एजेंसियों को भी तुरंत इसकी जानकारी देने को कहा है. आचार्य पवन त्रिपाठी ने मालाड पश्चिम के मालवणी इलाके में हो रहे इस फर्जीवाड़े के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताई है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *