नबरंगपुर – ओडिशा कर्मजीवी पत्रकार संघ, नबरंगपुर शाखा द्वारा आज कोसागुमुड़ा ब्लॉक मुख्यालय स्थित पंचायत सभा भवन में एक विस्तृत जिला कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। जिले के सभी ब्लॉकों के अध्यक्षों, सचिवों एवं वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति में यह बैठक अत्यंत गरिमामय और सार्थक रही।

बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष श्री शेखर खुरा ने की। प्रारंभ में पत्रकारों की समयानुकूल समस्याओं, नैतिक दायित्वों, एकता एवं समन्वय पर खुला मंच तैयार कर गहन चर्चा की गई।

संघ के राज्य कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मीचन्द्र टाकरी ने अपने दीर्घ पत्रकारिता अनुभव के आधार पर नैतिक, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के मूल्यों पर जोर देते हुए सदस्यों को प्रेरित किया।
संघ के महासचिव अशोक साहू ने संगठन की स्थापना की पृष्ठभूमि और उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा— “यह केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है। सभी को एकजुट रहकर पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा करना हमारा प्रमुख लक्ष्य है।”
उपाध्यक्ष हिमांशु शेखर बाघ ने ‘नबरंगपुर पत्रकार कल्याण ट्रस्ट’ के गठन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि इस ट्रस्ट के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में पत्रकारों की सुरक्षा, आर्थिक सहायता एवं स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही आने वाले दिनों में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, जागरूकता अभियान एवं ‘नवदिगंती योजना’ जैसी गतिविधियों के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के समापन पर जिला उपाध्यक्ष नरसिंह बाघ ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए बैठक की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की।
(संवाददाता – नबरंगपुर से रसीक सरकार की रिपोर्ट, कांकेर एक्सप्रेस)