हिरासत में लिए गए भाजपा नेता, दिल्ली में क्यों चाहिए BJP सरकार; प्रवेश वर्मा ने बताया

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के संरक्षक अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं है। विरोध प्रदर्शन में शामिल दिल्ली के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनाना जरूरी है।

भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए आधिकारिक बंगले के नवीनीकरण में आलीशान वस्तुओं का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने बताया कि उसने प्रदर्शन में भाग लेने वाले भाजपा के कुछ नेताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं है। भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि उनकी दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को हिरासत में लिया गया है। सचदेवा के अलावा विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता और भाजपा सांसदों ने फिरोज शाह रोड स्थित केजरीवाल के मौजूदा आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस सप्ताह की शुरुआत में आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दिल्ली के पूर्व मंत्री कैलाश गहलोत भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

विरोध प्रदर्शन में शामिल दिल्ली के पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनाना जरूरी है। कहा कि दिल्ली में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति खत्म हो, इसके लिए बीजेपी सरकार का आना जरूरी है। इसलिए वह चाहते हैं कि दिल्ली में भी उनकी पार्टी की सरकार बने ताकि दोनें सरकारें मिलकर दिल्ली में अच्छा काम करें।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि यह हमारी लड़ाई है और यह तब तक जारी रहेगी जब तक कि केजरीवाल का पर्दाफाश दिल्ली के लोगों के सामने ना आ जाए। वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने जो अपने बंगले में लाखों के टॉयलेट सीट लगवाए थे, उसे उखाड़कर दूसरे बंगले में ले गए। कहा कि केजरीवाल को आम आदमी की तरह रहने की आदत ही नहीं है। दिल्ली के जनता को गुमराह करना और झूठ बोलना, यही उनका काम रह गया है।

केजरीवाल ने इस साल अक्टूबर में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला खाली कर दिया था। भाजपा ने बंगले के पुनर्निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाया है और दावा किया है कि इसमें अत्यधिक महंगे सामान का इस्तेमाल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *