धोनी का मास्टर प्लान! SMAT में झारखंड की ऐतिहासिक जीत की कहानी पर्दे के पीछे से लिखी गई!

नई दिल्ली, विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने इस बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कमाल किया था। पहली बार इस ट्रॉफी पर कब्जा करके इतिहास रचा था। लेकिन अब ये सामने आया है कि झारखंड की ऐतिहासिक जीत में दिग्गज पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पर्दे के पीछे अहम भूमिका रही है। झारखंड धोनी का होम स्टेट है और उन्होंने चुपचाप इस टीम पर मेहनत की। उनका मार्गदर्शन किया जिसका नतीजा ऐसा मिला जो आज तक नहीं हुआ था।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल में झारखंड ने हरियाणा को हराकर पहली बार इस ट्रॉफी पर कब्जा किया। अब भारत के पूर्व स्पिनर शाहबाज नदीम ने खुलासा किया है कि पूरी ट्रॉफी के दौरान महेंद्र सिंह धोनी लगातार टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों के संपर्क में थे और उन्हें बहुमूल्य सुझाव दे रहे हैं। नदीम के मुताबिक धोनी ने ही झारखंड की जीत की नींव रखी है।

शाहबाज नदीम ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो को बताया, ‘जब हमने सीजन की शुरुआत की, जब कोचिंग स्टाफ की नियुक्ति हुई तब से ही हम सबने हमेशा उनकी (धोनी) सलाह ली और उनसे सुझाव लिया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट (SMAT) को देखा, खिलाड़ियों की मजबूती और कमजोरियों को निट किया और हमसे चर्चा की।’

शाहबाज नदीम ने कहा, ‘वह (धोनी) झारखंड के हर डोमेस्टिक प्लेयर के आंकड़ों को जानते हैं। वह झारखंड क्रिकेट को बढ़ाने में मदद के लिए बहुत ही इंट्रेस्टेड हैं।’

नदीम फिलहाल झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के संयुक्त सचिव हैं। उन्होंने खुलासा किया कि धोनी ने झारखंड क्रिकेट की रीस्ट्रक्चरिंग में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने स्थायित्व और स्थानीय ज्ञान को बाहरी नियुक्तियों के ऊपर तरजीह देने की वकालत की। धोनी की ही सलाह पर जेएससीए ने रतन कुमार को हेड कोच बनाया और सन्नी गुप्ता को बोलिंग कोच।

44 वर्ष के महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था लेकिन वह आईपीएल में खेलते रहे हैं। 2025 आईपीएल में तो उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी की जिसके वह लंबे समय तक नियमित कप्तान रहे थे। वह भारत के इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी के सभी तीनों बड़े टूर्नामेंट- टी20 वर्ल्ड कप, ओडीआई वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *