बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक मासूम बच्चे की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां वहशी बन चुके एक शख्स ने महज तीन साल के बच्चे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. बेरहमी से इस वारदात को अंजाम देने वाला कातिल पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. इस वारदात के बाद बच्चे के घर में मातम पसरा हुआ है. लोगों में भी इस वारदात को लेकर काफी गुस्सा है.
मुजफ्फरपुर उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (SDPO-2) विनीता सिन्हा ने इस खौफनाक वारदात के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मंगलवार को जिले के दिघरा गांव में हुई और जानकारी मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
एसडीपीओ-2 विनीता सिन्हा ने पीटीआई को जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कर्मियों की एक टीम मौका-ए-वारदात पर पहुंची और बच्चे को स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक बच्चे की पहचान शंकर दास के बेटे साहिल कुमार के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बच्चा अपने दोस्तों के साथ आरोपी के घर के बाहर खेल रहा था. उन्होंने दावा किया कि आरोपी के परिवार के सदस्य नहीं चाहते थे कि बच्चे उनके घर के बाहर खेलें. वो अक्सर बच्चों को वहां से भगा देते थे.
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार शाम को जब कुछ बच्चे आरोपी के घर के बाहर खेल रहे थे, तो वह बाहर आया और 3 साल के मासूम लड़के पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने बच्चे को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया. जहां उसकी मौत हो गई.
अब स्थानीय लोगों ने यह दावा भी किया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है. हालांकि पुलिस इस मामले में की जांच पड़ताल कर रही है. इस वारदात के बाद बच्चे के घरवाले बेहद दुखी और निराश हैं. उनके घर में मातम पसरा है.