दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा यमुना में डुबकी लगाने के बाद बीमार हो गए हैं। बीजेपी का दावा है कि प्रदूषित यमुना में डुबकी लगाने के बाद उनके त्वचा लाल चकत्ते हो गए हैं और खुजली हो रही है। उन्हें सांस लेने में भी हल्की तकलीफ हो रही है। उन्होंने आरएमएल अस्पताल जाकर इलाज कराया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने यमुना की सफाई और उसमें डुबकी लगाने के दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके वादों को याद दिलाने के लिए गुरुवार सुबह यमुना में डुबकी लगाई थी। दिल्ली बीजेपी की ओर से एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद से वीरेन्द्र सचदेवा को त्वचा में लाल चकत्ते, खुजली और सांस लेने में हल्की तकलीफ हो रही है। वह आरएमएल अस्पताल ले जाए गए, जहां डाक्टरों ने जांच कर उन्हें तीन दिन के लिए दवा दी है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा गुरुवार सुबह एक छठ घाट पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने दिल्ली में यमुना के प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने यमुना की सफाई के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने 2025 चुनाव से पहले यमुना की सफाई करने और यमुना को डुबकी लगा सकने वाली बनाने का वादा किया था। दिल्लीवासी उनका वादा पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। विरोध स्वरूप उन्होंने यमुना में डुबकी भी लगाई।