दिल्ली पुलिस ने हाल ही नें एक ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस गिरोह में वेटर, गृहिणी, ट्रांसपोर्टर से लेकर किर्गिस्तान की इंटीरियर डिजायनर तक शामिल थीं। गिरोह राजधानी और उसके बाहर डीलरों को उच्च गुणवत्ता वाली हशीश, जिसे ‘मलाना क्रीम’ के नाम से जाना जाता है, बेचते थे। हिमाचल प्रदेश के कसोल में स्थित एक कैफे में काम करने वाला 26 साल का फुजैल शेख कथित तौर पर गांव के अंदरूनी इलाकों से तस्करी का सामान मंगवाता था।
पुलिस ने बताया कि गुजरात के सूरत की एक गृहिणी अस्मा बानो अंसारी इस मामले की मास्टरमाइंड थी, जो सप्लाई चेन को कॉर्डिनेट करती थी और गिरोह के सदस्यों की भर्ती करती थी। सूरत का ही रहने वाला आकाश बिष्ट और किर्गिस्तान की नागरिक उसकी पत्नी चोप्लोन कथित तौर पर डिस्ट्रीब्यूशन का काम संभालते थे। हाल ही में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उनकी सप्लाई चेन को तोड़कर चारों को गिरफ्तार कर लिया था।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हशीश, जिसे चरस के नाम से भी जाना जाता है, जब्त किया। स्पेशल कमिश्नर देवेश श्रीवास्तव ने छात्रों और कामकाजी युवाओं के बीच मशहूर प्रतिबंधित ड्रग की आपूर्ति पर कार्रवाई के आदेश दिए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। संदिग्धों से पूछताछ में एक दिलचस्प ट्रेंड सामने आया। आरोपियों ने खुलासा किया कि हाल ही में इस क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण एक हैरान करने वाले परिणाम सामने आए। मलाना गांव से कनेक्शन कट गया। जिसकी वजह से भांग की रेसिन, जिसे चरस के नाम से भी जाना जाता है, की फसल बहुत ज्यादा हुई क्योंकि पुलिस ने कोई ऐक्शन नहीं लिया।
ऑपरेशन के पहले चरण में, शेख को कुछ दिन पहले निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर 807.5 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान, शेख ने पुलिस को बताया कि वह अस्मा बानो अंसारी के लिए काम कर रहा था, जिसे बाद में सूरत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को पता चला कि उसका बेटा, जो एक केमिकल ड्रग बनाने की यूनिट चलाता था, को गिरफ्तार कर मुंबई में जेल भेज दिया गया था। 16 नवंबर को, पुलिस को सूचना मिली कि ड्रग सिंडिकेट का कथित सदस्य बिष्ट हिमाचल से दिल्ली हशीश लेकर आएगा।
सूचना के अनुसार, बिष्ट अपनी कार के विभिन्न हिस्सों में हशीश छिपाकर सिंघू सीमा के रास्ते दिल्ली में एंट्री करेगा। पुलिस द्वारा रोके जाने पर, बिष्ट ने एक बैरिकेड तोड़कर भागने की कोशिश की। उसका तेज गति से पीछा किया गया और आखिरकार जहांगीरपुरी में महिंद्रा पार्क गुरुद्वारा ट्रैफिक सिग्नल के पास उसे पकड़ लिया गया। हालांकि, पुलिस ने कार की खिड़कियां तोड़कर उसे काबू किया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो हेडरेस्ट और सबवूफर में छिपाकर रखी गई 539.5 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की जांच कर रही है।