दिल्ली में इस सर्दी पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी बिजली की मांग? SLDC का क्या है अनुमान

राजधानी दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी नया रिकॉर्ड बना सकती है। इस बार गर्मियों में भी बिजली खपत में इजाफा देखा गया था। स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) के पूर्वानुमानों के अनुसार, इस मौसम में राजधानी की बिजली की खपत 6,300 मेगावाट से अधिक हो सकती है, जो पिछली सर्दियों के 5,816 मेगावाट के उच्चतम स्तर को पार कर जाएगी।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह अनुमानित वृद्धि करीब 2 करोड़ आबादी वाली महानगर की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को दर्शाती है। बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बीएसईएस एक व्यापक रणनीति तैयार कर रही है। बीएसईएस डिस्कॉम द्वारा दक्षिण, पश्चिम, पूर्व और मध्य दिल्ली में 50 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है।

बीएसईएस की योजना का मुख्य उद्देश्य विश्वसनीय और पर्यावरण के अनुकूल बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है, जिसमें अनुमानित अधिकतम मांग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा- 53%- ग्रीन एनर्जी से प्राप्त होगा। इसमें सौर ऊर्जा से 840 मेगावाट, पनबिजली परियोजनाओं से 546 मेगावाट, पवन ऊर्जा से 500 मेगावाट, अपशिष्ट से बनी ऊर्जा से 40 मेगावाट और शहरभर में फैले छतों पर लगे सौर ऊर्जा संयंत्रों के माध्यम से उत्पन्न 180 मेगावाट से अधिक शामिल हैं।

बीएसईएस नवीकरणीय ऊर्जा को प्राथमिकता देने के अलावा एक रणनीतिक बिजली बैंकिंग तंत्र का उपयोग कर रहा है। इसमें सर्दियों के महीनों के दौरान उत्तराखंड, तमिलनाडु और राजस्थान जैसे राज्यों को सरप्लस बिजली ट्रांसफर करना शामिल है। ये राज्य गर्मियों के दौरान दिल्ली को जमा की गई बिजली वापस कर देते हैं, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि राजधानी की जरूरतें उसकी उच्च मांग अवधि के दौरान पूरी हो जाएं।

यह सहयोगात्मक दृष्टिकोण ग्रिड स्थिरता को बढ़ाता है और सबसे ज्यादा जरूरत के समय बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करता है।

अपनी तैयारी को और मजबूत करने के लिए बीएसईएस सटीक मांग पूर्वानुमान के लिए एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग टूल तैनात कर रहा है।

यह सभी तकनीकें मौसम की स्थिति पिछले उपभोग पैटर्न और छुट्टियों के कार्यक्रम जैसे कारकों को ध्यान में रखती हैं, जिससे सटीक पूर्वानुमान लगाने और बिजली कटौती को कम करने के लिए बेहतर योजना बनाने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *