दिल्ली- एनसीआर में हवा की सेहत दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है। सोमवार को वायु गुणवत्ता (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ की श्रेणी में दर्ज की गई है। सुबह 11 बजे यह 307 था। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार तक एक्यूआई 300 से अधिक बना रहेगा। तापमान में गिरावट के साथ-साथ पलूशन और बढ़ता जाएगा। ऐसे में आज (सोमवार) को बढ़ते पलूशन को लेकर एक इमरजेंसी मीटिंग होने जा रही है। जानकारी के मुताबिक, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की बैठक में इस बात की समीक्षा की जाएगी कि दिल्ली- एनसीआर में ग्रैप का दूसरा चरण लागू किया जाए या नहीं। बता दें कि यहां ग्रैप का पहला चरण लागू कर दिया गया है। दूसरे चरण के तहत कुल 11 तरह के ऐक्शन की बात की गई है।
इमरजेंसी बैठक के बाद अगर ग्रैप का दूसरा चरण लागू होता है तो दिल्ली- एनसीआर में कई तरह की पाबंदियां लगा दी जाएंगी। इन पाबंदियों में डीजल जनरेटर पर सख्ती के साथ बैन रहेगा। पार्किंग शुल्क बढ़ा दिया जाएगा। ऐसा इसलिए ताकि लोग अपने प्राइवेट वाहनों का इस्तेमाल कम करें और बस या मेट्रो से यात्रा करें। ग्रैप- 2 के तहत कुल 11 तरह के ऐक्शन की बात की गई है।