फिरोजाबाद। इंजीनियर पति और ससुरालियों ने हैप्पी फैमिली की बातें करके एयर इंडिया की नौकरी छुड़वाई और फिर कुछ दिनों बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न शुरू कर दिया। मायके में रह रही युवती ने ग्वालियर निवासी इंजीनियर पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराते हुए पिता की कार ले जाने का आरोप भी लगाया।
शिकोहाबाद के गंगानगर निवासी सुनीता ने महिला थाने में लिखवाई प्राथमिकी में बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2022 को इंजीनियर योगेश नगेले निवासी प्रसादीपुरा, मुरार ग्वालियर से हुई थी। बीते दिसंबर में उसकी एयर इंडिया क्रू मेम्बर की नौकरी छुड़वा दी। 10 फरवरी को ससुराली उसे मायके छोड़ गए।
बाद में पंचायत में चचिया ससुर के आश्वासन पर वह सात मई को ससुराल चली गई। तब चचिया ससुर उसके पिता की कार कुछ दिन के लिए मांगकर ले गए। उसे अब वापस नहीं कर रहे हैं। 13 जून को माता-पिता उसकी ससुराल आए तो ससुराल वालों ने उसे बंधक बना लिया। पुलिस ने तीनों को बचाया था। तबसे वह मायके में रह रही है। इंस्पेक्टर रंजना गुप्ता ने बताया कि पति व आधा दर्जन ससुरालियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।