फ्रांस के राजदूत भी नहीं बच पाए, चांदनी चौक की भीड़ में चोरी हो गया मोबाइल

दिल्ली का चांदनी चौक दुनियाभर में मशहूर है। देश-विदेश से जो लोग दिल्ली घूमने आते हैं, वो चांदनी चौक जरूर जाते हैं। कपड़ों के साथ-साथ यह बाजार खाने-पीने की चीजों के लिए भी जाना जाता है। ऐसे में चांदनी चौक बाजार में काफी भीड़भाड़ भी रहती है। कुछ दिनों पहले फ्रांस के राजदूत थियरी माथौ अपनी पत्नी के साथ चांदनी चौक बाजार घूमने गए थे। बाजार की भीड़ में उनका फोन ही चोरी हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि फ्रांस के राजदूत का फोन चोरी करने के मामले में अब चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दरअसल, फ्रांस के राजदूत अपनी पत्नी के साथ 20 अक्टूबर को चांदनी चौक बाजार घूमने गए थे। तभी भीड़ में किसी ने उनकी जेब से फोन चुरा लिया। पुलिस को इस चोरी की जानकारी 21 अक्टूबर को मिली। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि फ्रांस के दूतावास ने राजदूत के फोन चोरी के बारे में पुलिस को बताया।

यूं तो चांदनी चौक एक भीड़भाड़ वाला इलाका है। लेकिन पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ लिया है। दरअसल, पुलिस ने जांच करने के लिए एक टीम बनाई। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। चार आरोपियों की पहचान की गई। चारों की उम्र 20 से 25 साल के बीच में है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से फ्रांस के राजदूत का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, चोरी करने वाले चारों लड़के ट्रांस-यमुना क्षेत्र के रहने वाले हैं। चारों की उम्र 20 से 25 साल के बीच में है। पुलिस इस मामले में आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *