हुरुन इंडिया की नई रिचलिस्ट जारी हो गई है. भारत में अरबपतियों की संख्या 29% बढ़कर 334 हो गई है. हिसाब-किताब लगाएं तो भारत से हर पांच दिन में एक नया अरबपति इस सूची में शामिल हुआ है. 29 अगस्त को जारी इस रिपोर्ट में यह भी इसी आंकड़े को प्रमुखता से उठाया गया है. हैदराबाद ने पहली बार हुरुन सूची में बेंगलुरु को पीछे छोड़ते हुए तीसरे पायदान पर जगह बनाई है, जबकि मुंबई और नई दिल्ली क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं.
Razorpay के संस्थापक हर्षिल माथुर और शशांक कुमार, दोनों 33 वर्ष के हैं और इस सूची में सबसे युवा अरबपति हैं. वहीं, Zepto के 21 वर्षीय कैवल्य वोहरा इस सूची में सबसे कम उम्र के अरबपति हैं, जबकि उनके सह-संस्थापक आदित पलीचा 22 वर्ष की उम्र में इस सूची में दूसरे सबसे युवा अरबपति बने हैं. इस साल की सूची में 90 के दशक में जन्मे 11 लोग शामिल हैं. इस साल हुरुन रिचलिस्ट की सूची में ₹1,000 करोड़ या उससे अधिक की संपत्ति वाले 1,539 लोग शामिल थे, जिसमें 272 नए नाम हैं.
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने पहली बार इस सूची में जगह बनाई है. 58 वर्षीय शाहरुख की संपत्ति ₹7,300 करोड़ आंकी गई है, जिसमें उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स और फिल्म प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट की हिस्सेदारी का अहम योगदान है. मनोरंजन क्षेत्र से 2024 में सात नई एंट्रीज़ के साथ इस क्षेत्र ने कुल ₹40,500 करोड़ की संपत्ति में वृद्धि की है. यह भारत में खेल और मीडिया से संबंधित आईपी के मजबूत विकास को दर्शाता है.
हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि भारत एशिया का धन निर्माण इंजन बनकर उभर रहा है. उन्होंने कहा, “जहां चीन में अरबपतियों की संख्या में 25% की गिरावट देखी गई, वहीं भारत में 29% की वृद्धि हुई, जिससे अरबपतियों की संख्या 334 हो गई.” यह सूची भारतीय अर्थव्यवस्था के भविष्य की दिशा को भी दर्शाती है.
इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि भारत का अर्थतंत्र सेवाओं से निर्माण आधारित मॉडल की ओर बढ़ रहा है. औद्योगिक उत्पाद क्षेत्रों से जुड़े आंत्रप्रेन्योर्स की कुल संपत्ति में पिछले पांच वर्षों में 47% सीएजीआर वृद्धि हुई है. मैन्युफैक्चरिंग में बिजनेसमैन्स ने 28 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जोड़ी है, जो 2024 में सूची में शामिल कुल संपत्ति का 56% है.
सूची में यह भी उल्लेख किया गया है कि लगभग 70% संपत्ति, यानी $1.5 ट्रिलियन, पीढ़ीगत परिवर्तन (Inter-generational transition) के दौर से गुजर रही है, जिसके चलते वेल्थ बनाने वालों का एक नया ग्रुप उभरकर सामने आ सकता है.