पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस स्टेशन में धमाका, एक बच्चे की मौत, 25 पुलिसकर्मी घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्वाबी पुलिस स्टेशन में विस्फोट हो गया. इस धमाके में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि पुलिस स्टेशन में मौजूद 25 पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं. यह घटना पेशावर से लगभग 70 किलोमीटर दूर स्वाबी पुलिस स्टेशन में हुई. केंद्रीय पुलिस कार्यालय से मिली प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, धमाका ‘शॉर्ट सर्किट’ के कारण पुलिस स्टेशन की पहली मंजिल पर स्थित एक डिपो में हुआ.

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धमाके की सूचना के बाद रक्षा और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई. घायल पुलिसकर्मियों को बचा खान मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. धमाका इतना जोरदार था कि पुलिस स्टेशन का ऊपरी हिस्सा ढह गया. धमाके के कारण इमारत में आग लग गई, लेकिन अग्निशामक टीमों की त्वरित प्रतिक्रिया से इसे बुझा दिया गया.

खैबर पख्तूनख्वा के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस स्टेशन में हुआ धमाका कोई आतंकवादी कृत्य नहीं था. हालांकि, एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से नाम न बताने की शर्त पर बताया कि ये धमाका उन विस्फोटकों की वजह से हुआ है जिन्हें अलग-अलग ऑपरेशनों के दौरान जब्त किया गया था. इनके निपटान की योजना बनाई गई थी. लेकिन उससे पहले ये हादसा हो गया.

मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने धमाके में बच्चे की मौत पर संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने मृत बच्चे के परिवार के लिए नकद मुआवजे की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने जिला और विभागीय प्रशासन को राहत कार्य शुरू करने का आदेश दिया ताकि घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *