बिहार में बाढ़ के चलते अब तक कई सड़कें और पुल टूट चुके हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. यहां तक कि दरभंगा जिले में ही अब तक बाढ़ के पानी में डूबने से कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है.
इस बीच सोशल मीडिया पर दरभंगा का बताकर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में सड़क पर घुटनों के ऊपर तक पानी भरा हुआ है. कुछ पुलिसकर्मी सड़क के बीचोंबीच इस पानी में खड़े हुए हैं, वहीं कुछ लोग पास में मौजूद नाव पर चढ़े हुए हैं. वीडियो के साथ लिखा है, “दरभंगा, बिहार. बाढ़ का रौद्र रूप.”
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो दरभंगा का नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का है, जहां जुलाई 2024 में बाढ़ जैसे हालात हो गए थे. रें
कैसे पता लगाई सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये 14 जुलाई 2024 के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला. ये पोस्ट ‘shahjahanpur city 2022” नाम के एक पेज ने शेयर किया था.
ध्यान देने वाली बात ये है कि इस वीडियो के अंदर “Shahjahanpur Bareilly मोड़” लिखा हुआ है. लेकिन, वायरल क्लिप में इस टेक्स्ट को छिपा कर, दरभंगा, बिहार लिख दिया गया है.
वीडियो के इस वर्जन में एक बोर्ड पर ‘भगत सिंह चौक’ और फ्लाईओवर के नीचे ‘नगर निगम शाहजहांपुर’ साफ लिखा दिखाई दे रहा है. हमने गूगल मैप्स पर इस इलाके का स्ट्रीट व्यू देखा, जिससे साफ हो गया कि वायरल वीडियो इसी जगह का है.
बता दें कि जुलाई 2024 में नेपाल से पानी छोड़ा गया था, जिसके चलते शाहजहांपुर की गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया था और बाढ़ जैसे हालात हो गए थे. इस दौरान पानी में फंसे लोगों को बचाने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की टीमें तैनात की गई थीं.
साफ है, शाहजहांपुर के पुराने वीडियो को अभी बिहार में आई बाढ़ का बताते हुए पेश किया जा रहा है.