फोगाट को 86 कांग्रेसियों का भी समर्थन मिला. सभी जुलाना से टिकट मांग रहे थे. नामांकन दाखिल करने के बाद विनेश फोगट ने कहा, ‘दो साल पहले हम सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे. दीपेंद्र हुड्डा बिना सुरक्षा के हमसे मिलने आए थे. हरियाणा में खेल की स्थिति खराब है, मैं अनुरोध करती हूं कि इस पर ध्यान दिया जाए. मैं विधानसभा में जनता के अधिकारों के लिए लड़ूंगी. मुझे कभी ऐसा नहीं लगता कि मैं जुलाना की बहू हूं. मुझे ऐसा लगता है कि मैं जुलाना की बेटी हूं. मैंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है, अब यह आप पर है कि आप वोट दें और मुझे जिताएं.’
विनेश फोगाट के नामांकन के बाद सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि 86 टिकट चाहने वाले थे, अब सबका एक ही लक्ष्य है कि विनेश को जुलाना सीट से जीताएं. उन्होंने कहा कि विनेश के साथ साजिश हुई. दीपेंद्र हुड्डा ने मुझसे कहा है कि सरकार बनने के बाद सभी 86 टिकट चाहने वालों का ख्याल रखा जाएगा.
पहलवान फोगाट के नामांकन दाखिल करने के बाद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ी के लिए सिस्टम से भिड़ना मुश्किल होता है. जब खिलाड़ी अभ्यास कर रहे थे, तब वह जंतर-मंतर पर न्याय के लिए लड़ रही थीं. भाजपा उन पर बरस रही थी. लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से उन्हें जवाब दिया है.
हुड्डा ने कहा, ‘जब अंतिम परिणाम आएंगे तो मैं पिछली बार की तरह साजिश नहीं देखना चाहता. छह महीने तक बृजभूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई. फिर सुप्रीम कोर्ट ने कार्रवाई करने को कहा. जब खिलाड़ी विरोध कर रहे थे, तब हरियाणा के सीएम उनके फोन नहीं उठा रहे थे. मेरे दिल में दर्द है कि हम अपनी बेटियों को न्याय नहीं दे पा रहे हैं. जुलाना के लोग अब न्याय करेंगे. पार्टी ने आप लोगों को जिम्मेदारी दी है. हरियाणा के हर कोने से एक आवाज आ रही है कि भाजपा की सरकार जा रही है, भूपेंद्र हुड्डा के नेत्रत्व में सरकार आ रही है. हरियाणा बेरोजगारी, नशे के मामले में सबसे ऊपर है और यही केंद्र सरकार के आंकड़े कह रहे हैं.’
हरियाणा में मतदान 5 अक्टूबर को होगा, जबकि 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतगणना 8 अक्टूबर को होगी.