बिलासपुर . दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के विभिन्न विभागों में कार्यरत् 24 रेल परिवार के सदस्य माह जनवरी 2025 में अपनी गौरवशाली रेल सेवा पूर्ण करने के पश्चात् सेवानिवृत्त हुए । मंडल कार्मिक सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में समस्त सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ससम्मान विदाई दी गई । इस अवसर पर मंडल कार्मिक अधिकारी रुहीना तुफैल खान द्वारा सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बंदोबस्त भुगतान से संबंधित समस्त दस्तावेज़, सेवा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र एवं सेवा मैडल आदि प्रदान किया गया ।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन, कल्याण निरीक्षक तथा कार्मिक निपटारा शाखा के कर्मचारीगण उपस्थित थे। मंडल के सेवानिवृत्त होने वाले 24 रेल परिवार के सदस्यों में परिचालन विभाग से 7, इंजीनियरिंग विभाग से 4, विद्युत विभाग से 4, यांत्रिक विभाग से 4, मेडिकल विभाग से 2, कार्मिक विभाग से 1, सिग्नल व दूरसंचार से 1, तथा वाणिज्य विभाग से 1 कर्मचारी शामिल हैं ।
इस अवसर पर मंडल कार्मिक अधिकारी ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी गौरवशाली रेल सेवा के लिए बधाई दी तथा सेवानिवृत्त लाइफ को आनंदपूर्वक व्यतीत करने की बात कही ।