मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धान से तौलकर किसानों ने जताया आभार

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और किसानों की समृद्धि से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री से आज उनके निवास कार्यालय में प्रदेश के किसानों ने सौजन्य मुलाकात की और कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर के माध्यम से 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित करने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया। इस मौके पर किसानों ने मुख्यमंत्री साय को धान से तौलकर अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव किसानों की चिंता करते हैं और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के समय किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई थी, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण मिलना शुरू हुआ। इससे पहले किसान महाजनों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेते थे, जिससे वे आर्थिक शोषण का शिकार होते थे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा मिल रही है।

प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंच रहा है और राज्य में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के धान खरीदी कार्यक्रम के बारे में बताते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सर्वाधिक है।

कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार करोड़ की राशि
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि धान के अंतर की लगभग 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पूर्व किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। 28 फरवरी को बिलासपुर जिले से इस राशि का अंतरण किया जाएगा, और पूरे प्रदेश में इसे उत्सव की तरह मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।

मुख्यमंत्री साय ने किसानों को विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के हित में प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित प्रदेश भर से आए किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *