तेज रफ्तार कार ने महिलाओं को मारी टक्कर, मौत

बिलासपुर। शहर के रामा मैग्नेटो मॉल के पास सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार ने दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है।

उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला की पहचान अंजू टंडन के रूप में हुई है, जो मुंगेली निवासी थीं और बिलासपुर के मैग्नेटो मॉल में काम करती थीं। जानकारी के अनुसार, आज सुबह जब वह रोज की तरह काम पर जा रही थीं, तभी व्यापार विहार की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिलाओं को टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर परिजनों को सूचित किया गया है। वहीं, फरार कार चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *