पटना में जेडीयू (जनता दल यूनाइटेड) कार्यालय में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी (राष्ट्रीय जनता दल) नेता तेजश्वी यादव पर संगीन आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि तेजश्वी यादव के पिता ने चारा घोटाला किया और वो सैलरी घोटाला कर रहे हैं. मैं उनपर सीधा आरोप लगता हूं. नीरज कुमार ने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपया. नीरज कुमार ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने 2015 विधानसभा चुनाव के शपथ -पत्र में बताया था कि उनकी वार्षिक आमदनी 5 लाख 8 हजार 19 रुपए है.
2015 के चुनावी डॉक्यूमेंट्स में उन्होंने अलग -अलग लोगों को 1 करोड़ 13 लाख रुपये का ऋण भी दिया था. वहीं विधायक का कार्यकाल पूरा करने के उपरांत लड़ रहे विधानसभा चुनाव 2020 में उनकी वार्षिक आय घटकर 1 लाख 41 हजार रुपये हो गई. यानि कि तेजस्वी 11 हजार 812 रुपया 50 पैसा प्रति महीने कमाते हैं. वहीं, एक विधायक का हर माह बेसिक वेतन 40 हजार रुपया होता है. जबकि सालाना 4 लाख 80 हजार रुपया होता है.
अब सवाल यह उठता है की 11 हजार रुपया प्रति माह कमाने वाला व्यक्ति चार्टर प्लेन में अपनी जन्मदिन की पॉर्टी कैसे मना सकता है? साथ ही वह हमेशा विदेश भी कैसे घूम लेता है? यह फार्मूला बिहार के लोगों को भी तेजश्वी यादव को बताना चाहिए. पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को डॉक्यूमेंट्स दिखाते हुए उन्होंने कहा कि इसका जबाब मैं सीधा तेजस्वी यादव से मांगता हूं.
अगर मेरा यह आंकड़ा गलत है तो तेजश्वी यादव मुझपर केस कर दें. साथ ही यह भी जानकारी दें कि तेजश्वी यादव जब विधायक बनकर प्रतिपक्ष के नेता रहते हैं तो उनकी आमदनी कम हो जाती है और जब वो सिर्फ विधायक रहते हैं तो उनकी आमदनी बढ़ कैसे जाती है?