दिल्ली पुलिस के मालखाने में भीषण आग लगने से 400 से अधिक वाहन जलकर खाक हो गया है। दिल्ली के नेहरू प्लेस स्थित पुलिस मालखाने में गुरुवार दोपहर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया। आग ने अपनी जद में 400 से अधिक वाहनों को ले लिय़ा। ये वाहन ट्रैफिक पुलिस द्वारा जब्त किए गए थे। घटना के समय 2,667 जब्त वाहन यार्ड में थे। दिल्ली पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं आग के पीछे साजिश की भी आशंका व्यक्त की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी के मुताबिक दिल्ली अग्निशमन सेवा को अपराह्न करीब दो बजे नेहरू प्लेस स्थित पुलिस मालखाने में आग लगने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूर से धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा था और आग ने तेजी से वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।शुरू में दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) ने कहा था कि मालखाने में खुले क्षेत्र में रखे दोपहिया, तिपहिया और चार पहिया वाहनों सहित लगभग 50 वाहनों में आग लगी है।दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि आग में 400 से अधिक वाहन जल गए है। बयान में कहा गया, ‘‘घटना के समय 2,667 जब्त वाहन यार्ड में खड़े थे। करीब 400 वाहन जलकर खाक हो गए. आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चला है।