पटना, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान समाप्त हो चुका है। हालांकि, अभी भी जिन बूथों पर लोग मौजूद होंगे, उन्हें वोट करने दिया जाएगा। इससे पहले दिन भर राज्य के लोगों में मतदान को लेकर दिन भर खासा उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 5 बजे तक 60.13 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। इसके बाद भी कई मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी लाइन देखने को मिली। हालांकि 56 बूथों पर सुरक्षा की दृष्टि से शाम पांच बजे ही मतदान समाप्त कर दिया गया था। बिहार चुनाव के इस पहले चरण के संपन्न होने के साथ ही तेजस्वी यादव उनके भाई तेज प्रताप यादव और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा समेत बिहार के 16 मंत्रियों की किस्मत ईवीएम में लॉक हो गई है।
इससे पहले, सीएम नीतीश कुमार से लेकर विपक्षी नेता तेजस्वी यादव तक, बिहार की बड़ी हस्तियों ने पटना में अपना मतदान किया। 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। कुल 1314 उम्मीदवारों का भाग्य तय होगा। NDA (बीजेपी-जेडीयू) और महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस-वामपंथी) के बीच कांटे की टक्कर है, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी तीसरा विकल्प बनकर उभरी है। इस चरण में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के चेहरे तेजस्वी यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ-साथ 16 मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर है।