असम के दक्षिण सलमारा जिले में अवैध रूप से भारत में घुस रहे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार किया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में बांग्लादेशियों को पकड़ा गया है.
उन्होंने कहा, एक संयुक्त अभियान में, राज्य पुलिस और बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मानकाचर में एक ऑटो-रिक्शा को रोका और जांच के बाद बांग्लादेशियों को पकड़ लिया.
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, पकड़े गए लोगों ने खुलासा किया कि वो बांग्लादेश के शेरपुर से सीमा पार करके आए थे. एक भारतीय को भी पकड़ा गया है जो घुसपैठ में मदद कर रहा था. उसकी पहचान मानकाचार के पप्पन के रूप में हुई है.
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान आकाश अली, सफीकुल मंडल, पिंकी अख्तर, सांता और ऑटो चालक अखिरुल इस्लाम के रूप में की गई. मुख्यमंत्री सरमा ने अपने सोशल मीडिया पर पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों की तस्वीरें भी शेयर की हैं.
उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोगों को रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं और हम इस सांठगांठ का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं और इस नेक्सस को खत्म कर देंगे. बता दें कि पड़ोसी देश बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद बीएसएफ ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है और असम पुलिस भी सीमा पर हाई अलर्ट है.
अभी दो दिनों पहले ही महाराष्ट्र के ठाणे से चार ऐसे बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था जो अवैध रूप से भारत में बीत चार सालों से रह रहे थे और उन्होंने यहां का दस्तावेज भी तैयार करवा लिया था.