शाहजहांपुर में हाईवे पर कार-ट्रक भिड़ंत में पांच की मौत, 6 घायल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर में बेवर-पीलीभीत हाईवे पर बुधवार रात पशु से टकराकर अनियंत्रित हुई अर्टिगा कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना में कपड़ा व्यापारी उनकी पत्नी, बेटी समेत पांच की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। कार में सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। ये सभी लोग कांट से दिल्ली जा रहे थे। सात सीटर कार में 11 लोग सवार थे, इनमें छह बच्चे थे। इसे भी दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। कांट के नवादा नगला बनवारी गांव निवासी रियासत अली दिल्ली में रेडीमेड कपड़े के थोक व्यापारी थे। डेढ़ माह पूर्व वह गांव आए थे। 

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात को रियासत, पत्नी आमना बेगम, बेटे सुब्हान, आमिर, बेटी खुशी व गुड़िया के साथ दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ कासगंज के गंजडुंडवारा निवासी शालू चंद्रा, उनकी पत्नी अन्नू, छह वर्षीय बेटा अंश भी था। शालू भी दिल्ली में काम करते हैं। वह अपनी ससुराल कांट के गांव आए थे। रियासत ने रास्ते से एक महिला व उसके साथ बच्चे को भी कार में बैठाया था। वे सभी लोग रात 10.30 बजे बेवर-पीलीभीत हाईवे पर मदनापुर के बुधवाना के पास पहुंचे थे। उसी दौरान सड़क पर आए बेसहारा पशु से टकराकर अनियंत्रित हुई कार सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी। 

दुर्घटना में रियासत, आमना, उनकी छह वर्षीय बेटी गुड़िया की मौके पर मौत हो गई। अन्य महिला व बच्चे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कार की गति भी अधिक होने की आशंका जताई जा रही, क्योंकि उसकी टक्कर से सड़क पर आए बेसहारा पशु की भी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *