तीन महीने तक झांसा, उड़ा दिया 85 लाख का सोना; नौकरानियों की करतूत कर देगी हैरान

महाराष्ट्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर तीन नौकरानियों ने एक बुजुर्ग को झांसा देकर 85.5 लाख रुपए का सोना चोरी कर लिया। इन नौकरानियों ने तीन महीने तक इस चोरी को अंजाम दिया। इस दौरान सोने के आभूषण, बिस्किट और सिक्कों पर हाथ साफ किए। अब पुलिस ने तीनों नौकरानियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेरुल इलाके में स्थित एक बुजुर्ग के घर पर अप्रैल और जून के बीच चोरी हुई थी। तीनों महिलाएं इस दौरान उसके घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं।

बुजुर्ग की नजरों में आने से बचती रहीं
नेरुल पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी महिलाओं ने भरोसे का फायदा उठाया। उन्होंने करीब 900 ग्राम सोने के आभूषण, बिस्किट और सिक्के चुरा लिए। इनकी कुल कीमत 85,50,000 रुपए है। अधिकारी ने बताया कि दो आरोपी नेरुल की रहने वाली हैं जबकि तीसरी पड़ोसी मुंबई में रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टर में रहती है। अधिकारी ने कहा कि उन्होंने अपने रोजमर्रा के काम करते हुए व्यवस्थित रूप से कीमती सामान चुराया। इस दौरान पीड़ित बुजुर्ग की नजरों में आने से बचती रहीं।

जांच जारी है
पुलिस ने बताया कि सोमवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 (किसी क्लर्क या सेवक द्वारा अपने मालिक या नियोक्ता के कब्जे वाली संपत्ति की चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *