पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान किया है। दिवाली के दिन नई पार्टी का ऐलान करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि उनकी नई पार्टी का संक्षिप्त नाम ‘आसा’ है। आरसीपी सिंह की पार्टी का पूरा नाम ‘आप सब की आवाज, पार्टी है। पटना के होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के झंडे में तीन रंग होंगे। ऊपर हरा, बीच में पीला और नीचे नीला। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से जब चुनाव चिन्ह पार्टी को मिल जाएगा तो वह भी झंडे में अंकित होगा। बता दें कि आरसीपी सिंह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
बिहार में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आरसीपी सिंह ने अपनी नई पार्टी का ऐलान किया है। आरसीपी सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान के प्रति शपथ लेनी पड़ती है, जो भारतीय संविधान की भूल भावना है। उन्होंने कहा कि संविधान के जो सिद्धांत हैं उसको हम लोगों ने अपनी पार्टी संविधान में शामिल किया है। आरसीपी सिंह ने कहा कि 2025 का जो चुनाव होगा उसमें हमारे साथी मजबूती से लड़ेंगे। इस मौके पर आरसीपी ने यह भी दावा किया है उनके पास 140 मजबूत उम्मीदवार हैं।
इस मौके पर आरसीपी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। आरसीपी सिंह ने बिहार में लागू शराबबंदी को फेल बताया और यहां तक कहा कि आप किसी के खान-पान पर रोक नहीं लगा सकते हैं। आरसीपी सिंह ने कहा कि शराबबंदी से राज्य सरकार को हजारों करोड़ का नुकसान है। शराबबंदी के मुद्दे पर नीतीश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जिस उद्देश्य से शराबबंदी लागू की गई थी वो सफल नहीं हो पाई है।