दुर्ग में 70 लाख की ठगी: गोवा ट्रिप और जमीन का लालच देकर लोगों को ठगा

दुर्ग : जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में गोवा ट्रिप, 1000 वर्गफीट जमीन और सोने के सिक्के का झांसा देकर 70 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ रमेश सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है।

सुषमा सिंह, निवासी पुरानी भिलाई, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि साल 2022 में ‘डिजायर ताज वेकेशन’ नाम से सूर्या ट्रेजर आईलैंड, भिलाई में एक ऑफिस खोला गया था। इसके डायरेक्टर पिंटू सोनकर ने 10 साल की मेंबरशिप के बदले लोगों को 1000 वर्गफीट जमीन, सोने का सिक्का और गोवा ट्रिप (फ्लाइट, रहने और खाने की सुविधा समेत) देने का झांसा दिया।

इस फर्जी योजना के तहत सुषमा सिंह, उषा देवी, संजना देवांगन, पंकज दिल्लीवार, एकता बंजारे, के. प्रियंका, ची. नागेश्वर, शंशाक सार्वा, एस. कल्याणी, गंगा बाई सहित कई लोगों से लगभग 70 लाख रुपए वसूले गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि नागपुर निवासी पिंटू सोनकर अपने ससुराल दुर्ग में छिपा था, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों मयूर मेश्राम और प्रशांत खोपड़े के साथ मिलकर फर्जी ऑफिस खोलने और किस्तों में पैसे वसूल कर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है।

स्मृति नगर चौकी पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *