गैंगस्टर मयंक सिंह की रायपुर कोर्ट में पेशी: 24 दिसंबर को होगा बड़ा खुलासा

रायपुर। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह को जल्द ही छत्तीसगढ़ लाया जाएगा। 24 दिसंबर को उसे रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है। कोर्ट ने मयंक सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। वह अमन साव गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है और रायपुर के कारोबारी व पीआर ग्रुप के कार्यालय पर फायरिंग करवाने का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। फिलहाल मयंक सिंह झारखंड की जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है।

मयंक सिंह को गैंगस्टर अमन साव का करीबी माना जाता है, वहीं उसका नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जुड़ता रहा है। हाल ही में इंटरपोल की मदद से उसे अजरबैजान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया, जो झारखंड के लिए पहला ऐसा मामला है, जब किसी गैंगस्टर को विदेश से वापस लाया गया हो। रांची एयरपोर्ट से जेल तक उसे बख्तरबंद वाहन में कड़ी सुरक्षा के बीच ले जाया गया था।

पुलिस के मुताबिक मयंक सिंह पर हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग और आपराधिक साजिश सहित 45 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय तक विदेश में रहकर अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन करता रहा।

बताया जाता है कि उसने उद्योगपतियों, कारोबारियों और नेताओं से रंगदारी मांगी थी। 16 जून 2024 को छत्तीसगढ़-झारखंड के कारोबारियों से जुड़े मामले में गिरफ्तारियों के बाद उसने छत्तीसगढ़ की मीडिया को धमकी भरा ई-मेल भी भेजा था। अब पुलिस उससे नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज उगलवाने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *