दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने चार भारतीय यात्रियों के पास 9.91 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया है। इस बारे में बुधवार को विभाग की तरफ से एक बयान जारी करते हुए जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार आरोपियों को 23 अक्टूबर को थाईलैंड के फुकेट शहर से दिल्ली आने पर रोका गया था। इसमें कहा गया है कि अधिकारियों को आरोपियों द्वारा ले जाए जा रहे ट्रॉली बैग से हरे रंग के नशीला पदार्थ वाले पैकेट मिले, जिन्हें 29 पारदर्शी पॉलीथीन के पैकेट में रखा गया था।
विभाग की तरफ से जारी बयान के अनुसार, जब इस पदार्थ की जांच की गई, तो प्रथम दृष्टया यह गांजा या मारिजुआना जैसा लगा।
बयान में कहा गया है कि 9.9 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लगभग 9.91 करोड़ रुपए है। अधिकारी के अनुसार आरोपी यात्रियों को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।