आपको श्रद्धा वालकर मर्डर केस याद है? किस तरह दरिंदे आफताब ने अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा को बोटी-बोटी काट कर जंगल में फेंक दिया था। दिल्ली की इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। अब झारखंड में एक हैवान प्रेमी ने श्रद्धा वालकर की ही तरह अपनी प्रेमिका को कई दर्जन टुकड़ों में काट डाला। बोटी-बोटी काट कर उसने लाश के टुकड़ों को जंगल में फेंक दिया ताकि उसे जानवर खा सकें। लेकिन 24 नवंबर को जरियागढ़ थाना क्षेत्र के जोरदाग गांव के लोगों ने कुछ ऐसा देखा कि उनके होश उड़ गए। एक आवारा कुत्ता इंसानी हाथ लेकर घूम रहा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। हत्यारे की पहचान नरेश भेंगरा के रूप में हुई है। वह 25 साल का है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पहले प्यार, लिव-इन रिलेशनशिप, फिर दूसरी शादी, रेप और फिर मर्डर, यह पूरी कहानी आपको अंदर तक दहला देगी…
मीट काटने का काम करता है हत्यारा
प्रेमिका की पहचान गांगी कुमारी के रूप में हुई है। दरअसल, गांगी और नरेश लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। नरेश मीट काटने का काम करता था। दोनों खूंटी के ही रहने वाले थे। दोनों के बीच प्यार हुआ। प्यार का परवान इस कदर चढ़ा कि दोनों तमिलनाडु जाकर लिव-इन में रहने लगे। दोनों में सबकुछ ठीक चल रहा था। लेकिन कुछ ही दिनों पहले नरेश वापस झारखंड आया और एक दूसरी लड़की से शादी कर ली। इस बारे में गांगी को कोई जानकारी नहीं थी। हैरानी की बात तो यह है कि शादी के बाद नरेश वापस गांगी के पास जाकर रहने लगा।
जंगल में रेप फिर बोटी-बोटी काट जानवरों को परोसा
खूंटी के एसपी अमन कुमार ने बताया कि दोनों (नरेश और गांगी) 8 नवंबर को खूंटी पहुंचे। दरअसल, गांगी नरेश के घर जाना चाहती थी। उसके साथ रहना चाहती थी। लेकिन नरेश तैयार नहीं था। घर ले जाने की जगह वह गांगी को एक जंगल में ले गया। वहां उसने उसे इंतजार करने को कहा और खुद कहीं चला गया। जब वह लौटा तो उसके पास एक धारदार हथियार था। पहले उसने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ रेप किया। फिर दुपट्टे से उसका गला घोंटकर मार डाला। और फिर हैवानियत का एक भयानक मंजर देखने को मिला। उसने गांगी को बोटी-बोटी काटना शुरू कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब 40 से 50 टुकड़ों में गांगी को काटा।
लाश के टुकड़ों के साथ दिखा कुत्ता
मर्डर के करीब दो हफ्ते बाद 24 नवंबर को इंसानी लाश का टुकड़ा लिए एक कुत्ता दिखा। कुत्ते के जबड़े में हाथ देख लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जब पुलिस की टीम जंगल में पहुंची तब शरीर के कई टुकड़े मिले। एक बैग भी मिला, जिसमें गांगी का आधार कार्ड और कुछ सामान रखा था। पुलिस ने बताया कि नरेश एक प्रोफेशनल मीट काटने वाला था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ जारी है।