सरकार ने राज्य में फर्जी राशन कार्डधारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : 18 लाख से ज्यादा राशन कार्ड किये रद्द

मुंबई । महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने राज्य में फर्जी राशन कार्डधारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 18 लाख से ज्यादा राशन कार्ड रद्द कर दिए हैं। इस पूरे कार्रवाई को फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ डिजिटल स्ट्राइक के तौर पर देखा जा रहा है। रद्द किये गये कार्ड की जानकारी गुरुवार को अफसरों ने मीडिया को दी है।

गौरतलब है कि, महाराष्ट्र में सरकार इस समय पूरे राज्य में राशन कार्ड ई-केवाईसी अभियान चला रही है, जिससे सरकारी अनाज की जमाखोरी करने वाले लाखों लोगों को बड़ा झटका लगा है। इस अभियान के चलते उच्च वेतन वाले सरकारी कर्मचारियों, व्यापारियों और अमीर लोगों के नाम रद्द किए जा रहे हैं। कई सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विभिन्न निजी कंपनियों में उच्च वेतन वाले कर्मचारियों, व्यापारियों के पास भी राशन कार्ड हैं। उसके आधार पर वे हर महीने अनाज इकट्ठा करते हैं और इस अनाज को विभिन्न गृह उद्योगों और पोल्ट्री फार्मों और अन्य जगहों पर बेचते हैं।

बता दें कि, फिलहाल इस कार्रवाई बाद से 1.5 करोड़ से अधिक कार्डधारकों का ई-केवाईसी लंबित है। आधार लिंकिंग के लिए केंद्र सरकार के ई-केवाईसी अभियान के अनुसार, राज्य में 17.95 लाख राशन कार्ड रद्द किए गए हैं। सबसे ज्यादा 4.80 लाख राशन कार्ड मुंबई में और 1.35 लाख ठाणे में रद्द किए गए हैं।

महाराष्ट्र राज्य में कुल 6.85 करोड़ कार्डों में से 5.20 करोड़ का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। जबकि 1.65 करोड़ राशन कार्डधारकों का ई-केवाईसी अभी भी लंबित है। हालांकि समय सीमा बीत चुकी है, लेकिन सरकारी निर्देश आने तक केवाईसी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *