सरकार नशा मुक्त भारत के लिए प्रतिबद्ध: शाह

नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर इस समस्या से निपटने में जुटे सभी व्यक्तियों और संगठनों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ‘नशीली दवाओं से मुक्त भारत की लड़ाई में योद्धा और सहयोगी’ करार दिया है।
श्री शाह ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में नशीली दवाओं के खतरे की गंभीरता पर जोर दिया और कहा कि विशेष रूप से युवाओं पर इसके विनाशकारी प्रभाव होते हैं। उन्होंंने कहा,“ नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस पर नशीली दवाओं से मुक्त भारत की हमारी लड़ाई में हमारे सभी योद्धाओं और सहयोगियों को हार्दिक शुभकामनाएं।”
मादक पदार्थों के दुरुपयोग को खत्म करने के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए श्री शाह ने कहा,“नशीली दवाएं हमारे युवाओं के लिए सबसे बड़ी मुसीबत हैं। मोदी सरकार इस खतरे से निपटने के लिए मिलकर नार्को-कार्टेल पर बेरहमी से प्रहार कर रही है और नशे की लत में फंसे युवाओं को सहानुभूति के साथ सामान्य जीवन में वापस ला रही है।”
उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह दिन नशीली दवाओं के दुरुपयोग से लड़ने के लिए राष्ट्र के दृढ़ संकल्प को और मजबूत करेगा। गृह मंत्री ने कहा,“ यह दिन नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरे के खिलाफ हमारे संकल्प को और मजबूत करेगा। नशा मुक्त भारत।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *