छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को तोहफा: DA में 2% की बढ़ोतरी, अब मिलेगा इतना महंगाई भत्ता

छत्तीसगढ़ के सरकारी सेवकों के लिए गुड न्यूज है। साय सरकार ने महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के अधिकारी कर्मचारियों के लिए दो प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने की घोषणा की है। 2 प्रतिशत की वृद्धि से अब छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को अब केंद्र के बराबर 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलने लगेगा। महंगाई भत्ता का फायदा प्रदेश के सवा तीन लाख से ज्यादा कर्मचारियों को होगा।

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि भारत सरकार के कर्मचारियों को 55 प्रतिशत डीए मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में 53 प्रतिशत मिल रहा है। आने वाले समय में दिपावली और प्रकाश पर्व भी आ रहा है। छत्तीसगढ़ के हमारे अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र के बराबर 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिए जाने की घोषणा की गई है। आपको बता दें कि इससे पहले बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने का ऐलान किया था।

सरकारी कर्मचारियों को खुश कर दिया

बजट के दौरान राज्य के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी करके 53 प्रतिशत किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 55 प्रतिशत कर दिया गया है। आपको बता दें अभी केंद्रीय कर्मचारियों को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। हालांकि अगले महीने से महंगाई भत्ता में और भी बढ़ोतरी होने वाली है। केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में वृद्धि से पहले ही राज्य सरकार ने केंद्र के बराबर डीए बढ़ाकर सरकारी कर्मियों को खुश कर दिया है।

प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर पड़ेगा असर

राज्य सरकार के इस फैसले से सवा तीन लाख कर्मचारियों को फायदा पहुंचेगा। वित्त विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम न केवल कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ाएगा, बल्कि प्रदेश की आर्थिकी पर भी सकारात्मक असर डालेगा। बता दें कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान सरकारी कर्मचारियों ने डीए बढ़ाने को लेकर कई दिनों तक हड़ताल किया था। वहीं विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने केंद्र सरकार के बराबर महंगाई भत्ता देने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *