ग्राम पंचायत हरदीभाठा को मिला दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत् विकास पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया

धमतरी. धमतरी जिले के वनांचल नगरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत हरदीभाठा को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। बीते दिन केन्द्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार-2024 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2024 समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों हरदीभाठा के सरपंच मुनेन कुमार ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव और ग्राम पंचायत सचिव मदन सिंह भी उपस्थित रहे। कलेक्टर नम्रता गांधी ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव और सरपंच, ग्राम पंचायत हरदीभाठा मुनेन कुमार को इसके लिए ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं दीं।

गौरतलब है कि पंचायतों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा विभिन्न श्रेणियों में हर साल पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके तहत धमतरी जिले के वनांचल नगरी विकासखण्ड का ग्राम पंचायत हरदीभाठा शामिल है। ये पुरस्कार कुल 9 विषयों के तहत दिया जाता है, जिनमें गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका युक्त पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत, सामाजिक रूप से न्यायसंगत एवं सामाजिक रूप से संरक्षित पंचायत, सुशासन युक्त पंचायत और महिला हितैषी पंचायत शामिल हैं। ग्राम पंचायत हरदीभाठा को सामाजिक रूप से न्यायसंगत एवं सामाजिक रूप से संरक्षित पंचायत की श्रेणी में पुरस्कृत किया गया है। ग्राम पंचायत को 50 लाख रुपए पुरस्कार की राशि भी प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *