दो साल पहले मुआवजे के लालच में पोते ने दादा की हत्या, गिरफ्तार

दंतेवाड़ा । जिले के बचेली थाना क्षेत्र में दो वर्ष पहले 14 जनवरी 2024 की रात हुए अंधे कत्ल की गुत्थी बचेली पुलिस ने सुलझा ली है। जमीन मुआवजे की रकम हड़पने और फर्जीवाड़े के मामले से बचने के लिए आरोपी राकेश तेलाम ने अपने दादा बुधरू तेलाम की गुप्ती से वार कर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी राकेश तेलाम को गिरफ्तार कर हत्या में उपयोग किये गये गुप्ती जब्त कर कार्यवाही उपरांत आज मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया है। थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने बताया कि आरोपी को सीजेएम न्यायालय दंतेवाड़ा में आज पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया है।इस मामले में 15 जनवरी 2024 को आयतुपारा नेरली निवासी राजू तेलाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 14 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे अचानक बिजली चली गई। उसी दौरान उसकी मां सन्नी तेलामी ने आवाज लगाई कि तुम्हारे बाबा को कोई मारकर भाग रहा है। राजू घर से बाहर निकला तो देखा कि उसके घर के लकड़ी के गेट को तार से बांध दिया गया था। पास में उसके भाई भीमा के घर का गेट भी रस्सी से बंधा मिला। किसी तरह रस्सी और तार हटाकर वे लोग मां के घर पहुंचे तो बुधरू तेलाम परछी में खाट पर खून से लथपथ पड़े थे। सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट थी। उन्हें तत्काल गांव के सरपंच और कोटवार की मदद से एनएमडीसी अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *