GRP की बड़ी कार्रवाई: लूट के तीन आरोपियों को पकड़ा, अपराध की दुनिया में हड़कंप

रायपुर/ भिलाई. शासकीय रेल पुलिस थाना भिलाई ने लूट की घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है. मामला अपराध क्रमांक 68/2025 धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया है.

घटना 17 अगस्त की है. प्रार्थिया कुमुद पटेल, पति योगेंद्र पटेल (उम्र 41 वर्ष), अपने भाई आकाश श्रीवास्तव के साथ मित्तल अस्पताल से डायलिसिस कराकर रात करीब 10 बजे भिलाई-3 स्थित अपने रेलवे क्वार्टर लौट रही थीं. घर के सामने चारों आरोपी अचानक पहुंचे और काले रंग का बैग छीन लिया, जिसमें 500 रुपये नकद और डायलिसिस पर्ची रखी थी. विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे के रॉड से हमला कर कुमुद पटेल को घायल कर दिया. बीच-बचाव के लिए आए भाई आकाश पर भी गाली-गलौज और मारपीट की गई. शोर सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे तो आरोपी एक मोटरसाइकिल (CG 07 LS 8159) मौके पर छोड़कर भाग निकले.

पुलिस अधीक्षक रेल रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा एवं उप पुलिस अधीक्षक एस.एन. अख्तर के निर्देशन में निरीक्षक आर.के. बोर्झा के नेतृत्व में गठित टीम ने छोड़ी गई मोटरसाइकिल के आधार पर आरोपियों की तलाश की. पकड़े गए आरोपियों की पहचान भूपेन्द्र कुमार भारद्वाज (35), अखिलेश गुप्ता उर्फ राजा गुप्ता (27) और दूष्यंत दास उर्फ बब्बू (24) के रूप में हुई. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बैग से मिले 500 रुपये को खाने-पीने में खर्च कर दिया तथा पर्स और लोहे का रॉड नाले में फेंक दिया.

 एक आरोपी देवासिस, निवासी नेहरू नगर भिलाई-3, फरार बताया गया है. पुलिस ने जब्त मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को 18 अगस्त 2025 को न्यायालय दुर्ग में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *