डबल मर्डर से दहला हापुड़.घर में मिली मां-बेटी की लाश, लूटपाट के बाद हत्या की आशंका

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में मां-बेटी की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है. वहीं, ग्रामीणों ने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है.

घटना थाना धौलाना क्षेत्र के खिचरा गांव की है. जानकारी के मुताबिक, थाना धौलाना क्षेत्र के खिचरा गांव में खेतों के बीच बने घर के अंदर मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली. इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर गई. अंदर का नजारा देखकर पुलिस के होश उड़ गए.

कमरे के अंदर मां-बेटी की लाश पड़ी थी. मृतक मां-बेटी की पहचान कौसर जहां (60) और खुशबू (25) के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि कौसर जहां के पति की कई साल पहले मौत हो गई थी. तब से मां-बेटी दोनों घर में अकेली रह रही थीं.

अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि घर में मां-बेटी के शव मिले हैं. ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी हत्या चार-पांच दिन पहले की गई है. हत्यारों ने गला घोंटकर वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम जांच कर रही है. वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतका के घर कई लोगों का आना-जाना था. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *