स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या लंबे वक्त से ओडीआई टीम से बाहर हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार ओडीआई मैच इस साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। उसके बाद वह चोट की वजह से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ओडीआई नहीं खेले थे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी वनडे सीरीज में वह नहीं खेले लेकिन टी20 सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। अब उम्मीद की जा रही थी कि अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए जरिए वह ओडीआई में वापसी करेंगे लेकिन ऐसा नहीं होगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे मैच की सीरीज में न तो हार्दिक पांड्या दिखेंगे और न ही स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से हो रही है। पहला मैच वडोदरा में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट और तीसरा 18 जनवरी को इंदौर में होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे के बाद टी20 सीरीज होनी है और उसके लिए भारतीय टीम का स्क्वाड घोषित किया जा चुका है लेकिन अभी तक वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान नहीं हुआ है। खबरों के मुताबिक बीसीसीआई के चयनकर्ता 4 या 5 जनवरी को ओडीआई स्क्वाड का ऐलान कर सकते हैं।
क्रिक बज की एक रिपोर्ट के मुताबिक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जाएगा। हालांकि, दोनों टी20 सीरीज के लिए घोषित टीम का हिस्सा हैं।
जसप्रीत बुमराह की बात करें तो वह हार्दिक पांड्या से भी ज्यादा वक्त से ओडीआई से बाहर चल रहे हैं। ऐसा वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से हुआ है। जसप्रीत बुमराह ने आखिरी बार 2023 में ओडीआई खेला था। उस साल वनडे विश्व कप के फाइनल के बाद वह किसी भी ओडीआई में नहीं दिखे हैं।
दो महीने बाद टी20 वर्ल्ड कप है और टीम मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को उसके लिए तैयार कर रही है। इसलिए न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में दोनों को आराम दिया जा सकता है लेकिन टी20 सीरीज में दोनों ही खेलेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में हार्दिक पांड्या जबरदस्त फॉर्म में दिखे। 2 मैच में तो वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने सीरीज की 5 मैच की 3 पारियों में 2 अर्धशतकों के साथ 142 रन बटोरे थे। इस दौरान वह टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट और 100 छक्के जड़ने वाले इकलौते भारतीय खिलाड़ी भी बने थे।