हसन से बना हेमंत, हिंदू लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर हुआ फरार, फिर धर्म परिवर्तन कराकर किया निकाह

यूपी के हरदोई जिले में एक धर्म परिवर्तन का मामला सामने आाय है। यहां एक मुस्लिम युवक ने नाम बदलकर दिल्ली की रहने वाली हिंदू लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद वह लड़की को भगा ले गया। लड़की नाबालिग थी। कुछ दिन बाद युवक ने लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर उससे निकाह कर लिया। इस बात की जानकारी जब केसरिया हिंदू वाहिनी के लोगों को हुई तो उन्होंने हंगामा किया। हंगामा देखकर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और लड़की को बरामद किया। पूछताछ में पता चला कि डेढ़ साल पहले दिल्ली में काम करने वाले हरदोई निवासी हसन ने हेमंत नाम बताकर किशोरी को प्रेमजाल में फांसा और फरार हो गया था।

शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर बिक्कू गांव निवासी हसन वारसी दिल्ली के संगम विहार में सिलाई का काम करता था। वहीं दुकान के ऊपर ही 16 वर्षीय किशोरी अपने पांच भाई-बहनों व माता-पिता के साथ रहती थी। हसन वारसी ने अपना नाम हेमंत बताकर किशोरी को प्रेमजाल में फंसा लिया और उसे लेकर फरार हो गया। वर्ष 2023 में किशोरी के पिता ने दिल्ली के संगम विहार थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई।

24 नवंबर को हसन वारसी किशोरी को लेकर गांव आया और धर्म परिवर्तन करा निकाह कर लिया। उधर, भनक लगने पर केसरिया हिंदू वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष पवन रस्तोगी ने शाहाबाद पुलिस को सूचना दी और लव जिहाद का आरोप लगाते हुए लोगों के साथ हंगामा किया। पुलिस ने पवन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए दबिश देकर आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। एएसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *