विधानसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन की जीत के बाद हेमंत सोरेन ने चौथी बार झारखंड के सीएम की बागडोर संभाली। उन्होंने 14वें मुख्यमंत्री के रूप में गुरुवार शाम को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अर्जुन मुंडा और शिबू सोरेन तीन-तीन बार सीएम बन चुके हैं। हेमंत का तीसरा कार्यकाल अब चार जुलाई 2024 से 28 नवंबर 2024 तक माना जाएगा।
दिखी INDIA गठबंधन की ताकत
शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन की ताकत दिखी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, आप नेता अरविंद केजरीवाल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, तमिलनाडु से उदयनिधि स्टालिन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
LIVE UPDATES
4:05 PM Hemant Soren Oath LIVE: हेमंत सोरेन ने ली सीएम पद की शपथ
झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के 14वें सीएम पद की शपथ ले ली है। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
4:05 PM Hemant Soren Oath LIVE: समारोह स्थल पर पहुंचे हेमंत सोरेन
झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और AAP नेता राघव चड्ढा झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
4:00 PM Hemant Soren Oath LIVE: उदयनिधि स्टालिन भी पहुंचे
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन झारखंड के भावी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे।
3:50 PM Hemant Soren Oath LIVE: तेजस्वी और अखिलेश भी पहुंचे
RJD नेता तेजस्वी यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य नेता झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
3:30 PM Hemant Soren Oath LIVE: राहुल और खरगे भी पहुंचे
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंच चुके हैं।
3:20 PM Hemant Soren Oath LIVE: शिबू सोरेन भी समारोह में शामिल
झामुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन और उनकी पत्नी रूपी सोरेन रांची में अपने बेटे हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
3:15 PM Hemant Soren Oath LIVE: पिता के आवास पर पहुंचे हेमंत सोरेन
Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण समारोह में जाने से पहले हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के आवास पर पहुंचे हैं। कुछ ही देर में कार्यक्रम की शुरुआत हो जाएगी।
3:00 PM Hemant Soren Oath LIVE: शपथ समारोह में शामिल होने घर से निकले हेमंत सोरेन
Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन अपने आवास से मोरहाबादी मैदान के लिए निकल गए हैं। चार बजे हेमंत सोरेन सीएम पद के लिए शपथ लेंगे।
2:30 PM Hemant Soren Oath LIVE: रांची पहुंचे तेजस्वी यादव
Hemant Soren Oath LIVE: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी रांची पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, ‘हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में 5 साल सरकार चलाएंगे और झारखंड को आगे ले जाने का काम करेंगे।’
2:20 PM Hemant Soren Oath LIVE: रांची पहुंचे अखिलेश यादव
Hemant Soren Oath LIVE: सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अखिलेश यादव रांची पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, ‘जिस जनता ने चुनकर दोबारा सरकार बनाई है, मैं उनका बहुत आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन और हेमंत सोरेन जी को एक बार फिर मौका दिया है, झारखंड को खुशहाली, विकास और तरक्की के रास्ते पर लाने के लिए। जनता ने सूझबूझ कर बहुत ही समझदारी से एक प्रोग्रेसिव सरकार को चुना है।’
2:10 PM Hemant Soren Oath LIVE: सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत
Hemant Soren Oath LIVE: मोरहाबादी मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। कुछ घंटे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण का कार्यक्रम शुरू होगा।
2:00 PM Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण से पहले क्या बोलीं महुआ माजी
Hemant Soren Oath LIVE: महुआ माजी ने कहा, ‘यह हमारे लिए, झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। विपरीत परिस्थितियों में हेमंत सोरेन जी ने कमाल कर के दिखाया है। तमाम ताकतें ‘इंडिया’ गठबंधन को हराने में लगी थीं। लेकिन वो लोग खुद उखड़ गए। जनता समझ गई कि कौन काम करने वाला है और कौन सिर्फ जुमलेबाजी करता है। जनता ने उन्हें अच्छा सबक सिखाया है।’
1:30 PM Hemant Soren Oath LIVE: मंत्री पद को लेकर क्या बोले गुलाम अहमद मीर
Hemant Soren Oath LIVE: झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा, ‘गठबंधन में और भी पार्टियां हैं। इतने कम समय में सभी के साथ उनकी (हेमंत सोरेन) की बैठक नहीं हो पाई। इसलिए तय हुआ कि फिलहाल मुख्यमंत्री जी शपथ लें। फ्लोर टेस्ट के बाद कैबिनेट विस्तार किया जाएगा।’
1:00 PM Hemant Soren Oath LIVE: कुछ घंटों में शुरू होगा कार्यक्रम
Hemant Soren Oath LIVE: मोरहाबादी मैदान में झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जुटान अब धीरे-धीरे शुरू होने लगा है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए रात में लाइटिंग से पूरे मोरहाबादी इलाके को सजाया गया है। कुछ घंटे में कार्यक्रम शुरू होगा।
12:45 PM Hemant Soren Oath LIVE: हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने धनबाद से गए जेएमएम कार्यकर्ता
Hemant Soren Oath LIVE: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए धनबाद से जेएमएम कार्यकर्ता रांची के लिए रवाना हुए। झामुमो के जिला सचिव मन्नू आलम के नेतृत्व में रणधीर वर्मा चौक से कार्यकर्ता बसों पर सवार होके रांची के लिए निकले। जिला सचिव मन्नू आलम ने बताया कि हर प्रखंड से अलग-अलग दल हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रांची रवाना हो गया है।
12:15 PM Hemant Soren Oath LIVE: पहले की तरह ताबड़तोड़ होंगे विकास के काम: हेमंत
Hemant Soren Oath LIVE: हेमंत सोरेन ने बुधवार को कहा कि सभी के सहयोग से उन्हें यह शानदार जीत मिली है। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अपने दादा के शहादत दिवस पर वे हमेशा से यहां आते रहे हैं। पूर्व में भी वे यहां से जिले को कई योजनाओं की सौगात दे चुके हैं। वर्तमान में मंत्रीमंडल गठन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसी में वर्तमान में कुछ करने का अभी समय है। उन्होंने कहा कि बस एक दिन की बात हैं। इसके बाद पहले की ही तरह ताबड़तोड़ काम होगा।
11:55 AM Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण से पूर्व पुरखों की मिट्टी को हेमंत ने किया प्रणाम
Hemant Soren Oath LIVE: 28 नवंबर को प्रदेश में नए मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण से एक दिन पूर्व वे अपने गांव नेमरा पुरखों की मिट्टी को प्रमाण करने पहुंचे। नेमरा से बगल में लुकैयाटांड़ में उनके दादा शहीद सोबरन सोरेन का शहादत दिवस मनाया जा रहा था।
11:15 AM Hemant Soren Oath LIVE: क्या बोलीं सुप्रिया श्रीनेत
Hemant Soren Oath LIVE: कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘अभीभूत हूं कि झारखंड ने हमारी (इंडिया गठबंधन) की सरकार को रिपीट किया। झारखंड ने प्रचंड बहुमत से हमारी सरकार बनाई। यह अपने आप में जनकल्याणकारी योजनाओं की, आदिवासियों की और हर उस व्यक्ति की जीत है जिसने भाजपा के नफरत और झूठ को हराया है।’
11:00 AM Hemant Soren Oath LIVE: एयरपोर्ट के 5 KM इलाके में पुलिस की टीम करेगी गश्त
Hemant Soren Oath LIVE: सुरक्षा के मद्देनजर समारोह स्थल में 18 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। एयरपोर्ट के पांच किमी इलाके में पुलिस की टीम गश्त लगाएगी। समारोह स्थल में एक दर्जन डीएसपी के अलावा डेढ़ दर्जन थानेदारों को भी लगाया गया है। वे सुबह से ही कार्यक्रम स्थल में तैनात रहेंगे। समारोह स्थल की जांच भी करेंगे।
10:00 AM Hemant Soren Oath LIVE: मंच पर बैठ सकते हैं 50 से 60 लोग
Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण समारोह स्थल मोरहाबादी मैदान सजधज कर तैयार। राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनेगा यह मैदान। मैदान में बड़ा मंच बनाया गया है, जिस पर 50-60 लोग आराम से बैठ सकते हैं। मंच के सामने जगह खुली रखी गई है। यहां 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही यहां आने वाले लोगों की पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
9:20 AM Hemant Soren Oath LIVE: रांची में आज दिनभर बदला रहेगा ट्रैफिक
Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण को लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। गुरुवार सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा, वहीं दोपहर 12 बजे से आठ घंटे तक ई-रिक्शा और छोटे मालवाहक वाहन नहीं चलेंगे। मोरहाबादी के आसपास के इलाकों की सड़कों पर सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक सभी प्रकार की गाड़ियों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। सिर्फ कार्यक्रम में शामिल होने वाली गाड़ियां ही प्रवेश कर सकेंगी।
9:00 AM Hemant Soren Oath LIVE: शपथ ग्रहण पर क्या बोली भाजपा
Hemant Soren Oath LIVE: सीएम हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह पर भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव ने कहा, ‘झारखंड में फिर से मुख्यमंत्री बनने पर हेमंत सोरेन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हमें उम्मीद है कि उनका 5 साल का कार्यकाल अच्छा रहेगा और वो विकास पर ध्यान देंगे जिसकी झारखंड में कमी रही है।’
8:40 AM Hemant Soren Oath LIVE: हेमंत सोरेन ने तैयारियों का किया निरीक्षण
Hemant Soren Oath LIVE: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर चल रही तैयारियों का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल में मंच निर्माण, साज-सज्जा, विद्युत, ध्वनि तथा सुरक्षा व्यवस्था और अतिथियों के स्वागत-सत्कार एवं आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली।
8:20 AM Hemant Soren Oath LIVE: रांंची में सुरक्षा होगी अभेद्य
Hemant Soren Oath LIVE: मोरहाबादी में गुरुवार होने वाले झारखंड सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्त इंतजाम किए गए हैं। शहर की सुरक्षा को सात जोन में बांटा गया है। इसमें एयरपोर्ट से लेकर होटल एवं स्टेट गेस्ट हाउस और मोरहाबादी मैदान तक पर्याप्त संख्या में मस्जिट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, शहर भर में चार हजार फोर्स की भी तैनाती की गई है।
8:00 AM Hemant Soren Oath LIVE: निजी और अल्पसंख्यक स्कूल आज बंद
Hemant Soren Oath LIVE: नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी की सड़कों पर गुरुवार को वाहनों का लोड बढ़ने से जाम लगने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शहर के सभी निजी और अल्पसंख्यक सकूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। अपने आदेश में कहा है कि गुरुवार को सड़कें जाम रहने के कारण स्कूली बच्चों को परेशानी हो सकती है, इसलिए निजी और अल्पसंख्यक स्कूलों को बंद रखा जाए।