महाराष्ट्र के गोंदिया में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गोंदिया-अर्जुनी रोड पर एक गांव के पास महाराष्ट्र स्टेट ट्रांसपोर्ट की एक बस के पलट जाने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। बस नागपुर से गोंदिया जा रही थी। पुलिस ने बताया है कि गोंदिया में राज्य परिवहन की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बस भंडारा डिपो से गोंदिया जा रही थी। गोंदिया-अर्जुनी रोड पर बिंद्रावण टोला गांव के पास ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस पलट गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है और करीब 30 लोग घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया है कि घायलों को गोंदिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीड़ितों को तत्काल 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने का आदेश दिया है। सीएम ऑफिस ने बताया, “स्टेट ट्रांसपोर्ट की शिवशाही बस भीषण दुर्घटना में पलट गई। घटनास्थल से आठ शव बरामद किए गए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। स्थानीय प्रशासन से स्थिति की जानकारी ली गई है। घायलों के उचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।”
वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में देवेंद्र फडणवीस ने लिखा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि शिवशाही बस गोंदिया जिले के सड़क दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें यात्रियों की मौत हो गई है। मैं मृतकों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख को साझा करते हैं।” फडणवीस ने आगे कहा, “मैंने गोंदिया के कलेक्टर को कहा है कि अगर जरूरत हो तो उन्हें नागपुर ले जाने की व्यवस्था करें। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं।”