CM पद छोड़ने के लिए कैसे राजी हुए नीतीश कुमार? होली पर सुबह से शाम तक चली उठापटक, जानें इनसाइड स्टोरी

बिहार की राजनीति के लिए इस बार की होली रंगों से ज्यादा सियासी हलचल के नाम रही। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़कर राज्यसभा जाने की खबरों ने पटना से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज कर दी है।

बुधवार सुबह से शुरू हुई अटकलों का दौर देर रात मुख्यमंत्री आवास पर हुई हाई-प्रोफाइल बैठक के बाद किसी ठोस फैसले की ओर बढ़ता नजर आया। सूत्रों का दावा है कि नीतीश कुमार के भविष्य और राज्य की सत्ता को लेकर रात में ही अंतिम सहमति बन गई है, जिसकी आधिकारिक घोषणा आज हो सकती है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एनडीए और विपक्षी खेमे दोनों में हलचल पैदा कर दी है। एक ओर निशांत कुमार की संभावित राजनीतिक एंट्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कथित ‘ऑपरेशन लोटस’ की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और महागठबंधन इसे जनादेश का अपमान बता रहे हैं। गुरुवार को नामांकन की आखिरी तारीख है, ऐसे में बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।

सुबह से रात तक क्या हुआ?

1. सुबह से अटकलें: बुधवार सुबह से ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि नीतीश कुमार जदयू के दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं।

2. बैठकों का दौर: शाम करीब 6 बजे मुख्यमंत्री आवास पर संजय झा और विजय कुमार चौधरी जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ आपात बैठक हुई।

3. विजय चौधरी का बयान: बैठक के दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार को ही लेना है, हालांकि पार्टी का एक वर्ग उनके दिल्ली जाने के पक्ष में नहीं है।

4. रामनाथ ठाकुर का नाम तय: राज्यसभा के लिए केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर का नाम लगभग तय माना जा रहा है और उन्होंने नामांकन से जुड़ी कागजी प्रक्रिया भी पूरी कर ली है।

5. निशांत कुमार की चर्चा: निशांत कुमार को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं रहीं—या तो उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है या फिर राज्यसभा भेजा जा सकता है।

6. संगठनात्मक बदलाव: बैठक में नीतीश कुमार ने उमेश कुशवाहा को फिर से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के फैसले पर मुहर लगा दी।

7. चिराग पासवान का बचाव: चिराग पासवान ने नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सरकार चलती रहेगी।

8. पप्पू यादव का हमला: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने भाजपा पर जनादेश के अपहरण का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब सत्ता हासिल करने की साजिश है।

9. राजद का सनसनीखेज दावा: राजद के प्रवक्ता शक्ति यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि भाजपा ने ‘साइलेंट ऑपरेशन लोटस’ चलाकर नीतीश कुमार को दबाव में ला दिया है।

10. रात में अंतिम मुहर: सूत्रों के अनुसार देर रात चली गोपनीय बैठक में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और बिहार में नए नेतृत्व के फॉर्मूले पर अंतिम सहमति बन गई है, जिसका असर आज होने वाले नामांकन में देखने को मिल सकता है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है और अब सबकी नजर आज होने वाली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *