ये लोग देश की सीमाओं की सुरक्षा कैसे करेंगे; दिल्ली की कानून व्यवस्था पर BJP पर बरसे सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में गोलीबारी और अन्य की घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आलोचना करते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है।

उन्होंने सवाल किया, अगर भाजपा की केंद्र सरकार दिल्ली की कानून-व्यवस्था को संभालने में सक्षम नहीं है तो वह देश की सीमाओं की सुरक्षा कैसे करेगी?” ‘आप’ नेता ने रविवार को कश्मीर में प्रवासी मजदूरों समेत सात लोगों की हत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में स्थिति को संभालने में भी असमर्थ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा-नीत केंद्र सरकार पूरी तरह विफल और बेनकाब हो गई है। कश्मीर तो छोड़िए, वे दिल्ली में भी कानून-व्यवस्था को संभालने में सक्षम नहीं हैं।” उन्होंने दिल्ली में यातायात जाम का मुद्दा भी उठाया और दावा किया कि केंद्र ने शहर में वाहन चालकों और यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ भी नहीं किया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा, त्योहारों की वजह से दिल्ली के बाजारों में अच्छी-खासी चहल-पहल है, लेकिन बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था के कारण आम लोगों में खौफ का माहौल है।लोगों को डर है कि ना जाने कब और कहां गैंगवार हो जाए, गोलियां चलने लगें, और कब कहां बम ब्लास्ट हो जाए। यह सब BJP की केंद्र सरकार की वजह से हो रहा है। अगर बीजेपी दिल्ली की कानून व्यवस्था को नहीं संभाल पा रही है, तो ये लोग देश की सीमाओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगे?

उन्होंने आगे कहा, बीजेपी से दिल्ली की कानून व्यवस्था तो संभल नहीं रही है और ये लोग और ज्यादा चीजें मांग रहे हैं। दिल्ली पुलिस समेत अन्य सभी सुरक्षा एजेंसियां बीजेपी के पास हैं। इनके काम भी कोई नहीं रोक रहा लेकिन इनसे फिर भी अपना काम नहीं हो रहा है। दिल्ली में हर रोज हत्याएं हो रही हैं लेकिन देश के गृह मंत्री चुप्पी साधे बैठे हैं।दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था भी केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है लेकिन ट्रैफिक का भी बहुत बुरा हाल है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा, कल जम्मू-कश्मीर में 7 प्रवासी लोगों को आतंकवादियों ने मार दिया। इन हत्याओं के जरिए आतंकवादियों ने संदेश दिया है कि वे बाहर से आने वाले लोगों को स्वीकार नहीं करेंगे। अब केंद्र सरकार को चाहिए कि बीजेपी के 5000 बहादुर कार्यकर्ताओं को कश्मीर भेजकर वहां टनल का निर्माण कराया जाए। इन लोगों से दिल्ली, पूर्वोत्तर और कश्मीर की कानून व्यवस्था संभल नहीं पा रही है। दिल्ली वालों ने केंद्र की बीजेपी सरकार को पुलिस, ट्रैफिक और DDA का काम सौंपा था, लेकिन BJP ने इन तीनों का बंटाधार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *