दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव रिढाऊ में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाकों के साथ आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए। गंभीर हालत में सभी को पीजीआई रोहतक ले जाया गया है। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। एक-दो अन्य के शव भी दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
गांव रिढाऊ में आबादी के अंदर घर में ही अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। फैक्ट्री में 10-12 लोग काम करते थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तेज धमाके के साथ फैक्ट्री में आग लग गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जोरदार धमाके के बाद ग्रामीणों को हादसे का पता चला। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाले का प्रयास शुरू किया और पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया। इस घटना में अब तक तीन लोगों की आग में जलने से मौत हो गई है, जबकि 6 अन्य को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई ले जाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें नहीं पता था कि यहां मकान के अंदर पटाखे बनाए जा रहे हैं। रिढाऊ गांव का रहने वाला वेद नाम का शख्स अपने घर में ही अवैध पटाखा फैक्ट्री चला रहा था। बताया जा रहा है कि धमाके का कारण गैस सिलेंडर का लीक होना था। पुलिस और प्रशासन इस मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।