‘मर जाऊंगा, नहीं मार डालूंगा’, शामली में अकेले आदमी ने बैंक से लूट लिए 40 लाख! मैनेजर ने बताई पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के शामली जिले स्थित एक बैंक में दिनदहाड़े 40 लाख रुपये की लूट की खबर से हड़कंप मच गया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस बैंक के मैनेजर और अन्य कर्मियों से जानकारी हासिल कर जांच-पड़ताल में जुट गई है. वहीं, मामले में सपा और कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, वहीं यूपी कांग्रेस ने कहा कि बंदूक की नोक पर बैंक में 40 लाख की लूट कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है. 

दरअसल, पूरा मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के धिमानपुरा स्थित एक्सिस बैंक का है. जहां बीते दिन 40 लाख रुपये की लूट की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में अफरातफरी मच गई. फौरन एसपी समेत सीनियर अधिकारी बैंक पहुंच गए. इस दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामसेवक गौतम ने बताया कि ब्रांच मैनेजर नमन जैन द्वारा इस घटना के बारे में सूचित किया गया था. 

एसपी ने कहा कि मैनेजर द्वारा बताया गया कि 1 अक्टूबर की दोपहर एक शख्स बैंक में आया था. उसने कहा कि उसपर 38 लाख का कर्ज है. अगर पैसे नहीं मिले तो मकान नीलाम हो जाएगा. सुसाइड नोट दिखाते हुए वो कहने लगा कि मैं आत्महत्या भी कर सकता है और किसी की जान भी ले सकता हूं. 

इसके बाद शख्स बैंक कर्मियों से अपने ऊपर भारी कर्ज होने का हवाला देते हुए पैसे की मांग करने लगा. पहले तो बैंक स्टाफ ने उसकी बातों को अनसुना कर दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद उसने मैनेजर नमन जैन को धमकाते हुए कहा कि वह डिप्रेशन में है और यहां अपनी जान भी दे सकता है या किसी की जान भी ले सकता है. 

बताया गया कि इस धमकी से घबराए बैंक मैनेजर ने तुरंत कैशियर को बुलाया और 40 लाख रुपये शख्स के हवाले कर दिए. पैसे लेकर शख्स मौके से फरार हो गया. जाते समय उसके हाथ में तमंचा देखा गया था. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.    

शामली के एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. वहीं, इस घटना ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *