दिल्ली में हम जीते तो बंद नहीं करेंगे केजरीवाल की मुफ्त वाली स्कीमें, पहली बार भाजपा का ऐलान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि यदि दिल्ली में उनकी सरकार बनी तो आम आदमी पार्टी की मुफ्त बिजली-पानी जैसी स्कीमों को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि इसके अलावा और भी सुविधाएं दी जाएंगी। पहली बार भाजपा ने इस तरह का ऐलान तब किया है जब आज ही अरविंद केजरीवाल ने जनता के नाम लेटर लिखते हुए कहा है कि यदि दिल्ली में बीजेपी जीत गई तो मुफ्त बिजली, पानी, मुफ्त बस सफर जैसी योजनाओं को बंद कर दिया जाएगा।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए ऐलान किया कि भाजपा सरकार भी मौजूदा स्कीमों को जारी रखेगी। गुप्ता ने कहा कि बिजली, पानी और बस सफर जैसी सभी सुविधाओं को जारी रखा जाएगा। जो भी सुविधाएं मिल रही हैं उन्हें बंद नहीं किया जाएगा।

गुप्ता ने कहा, ‘केजरीवाल जी के भाषण में साफ घबराहट और बौखलाहट दिख रही थी। वह अप्रत्यक्ष रूप से लोगों को धमका रहे हों कि आपकी पानी बंद हो जाएगी, बिजली बंद हो जाएगी। अब आम आदमी पार्टी की सरकार जा रही है और भाजपा की सरकार आ रही है, मैं दिल्ली की जनता को बताना चाहता हूं कि मिलने वाली कोई भी स्कीम जारी रहेगी। किसी को बंद नहीं किया जाएगा, चाहे पानी का मामला हो, बिजली का मामला हो, डीटीसी की बस का मामला हो, इसके अलावा भाजपा की सरकार मोदी जी के नेतृत्व में और बहुत सारी सुविधाएं आप लोगों को देने जा रही है। इसलिए इनकी धमकियों में आने की जरूरत नहीं है। इन भ्रष्टाचारी लोगों को दिल्ली के लोग भगाना चाहते हैं इसलिए ये गुमराह करने की कोशिश करेंगे।’

गौरतलब है कि दिल्ली में जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रमुख ने जनता के नाम एक लेटर लिखा है। ‘आप’ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर इसकी कॉपी बाटेंगे। केजरीवाल ने इसमें कहा है कि यदि भाजपा दिल्ली में जीत गई तो वह मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, मुफ्त बस सफर जैसी स्कीमों को बंद कर देगी। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में उनकी (भाजपा) सरकारें हैं वहां अब जनता दिल्ली जैसी सुविधाओं की मांग कर रही है, इसलिए दिल्ली में इन कामों को बंद करने की साजिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *